Breaking News

छात्रावास अधीक्षकों का आंदोलन का ऐलान, 12 नवंबर को करेंगे सांकेतिक हड़ताल

संसाधनों की कमी, निर्धारित कार्य समय और साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कवर्धा। छात्रावासों में पर्याप्त संसाधनों एवं आवश्यक सुविधाओं की कमी तथा निर्धारित कार्य समय और साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलने से परेशान छात्रावास अधीक्षकों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य छात्रावास अधीक्षक संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है।

मंगलवार को संघ के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर छात्रावास अधीक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया। संघ ने बताया कि छात्रावासों में पर्याप्त संसाधनों और आवश्यक सुविधाओं का अभाव अधीक्षकों के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है। इन समस्याओं के समाधान के लिए संघ लंबे समय से मांग कर रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई है।

सेवा शर्तों और अवकाश की व्यवस्था करने की मांग

संघ का कहना है कि छात्रावास अधीक्षक निरंतर पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें निर्धारित कार्य समय, साप्ताहिक अवकाश और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे अधीक्षकों को कार्य के दौरान अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ ने शासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि अधीक्षक संवर्ग की समस्याओं और मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उनका शीघ्र निराकरण किया जाए। साथ ही छात्रावासों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अधीक्षकों के लिए उचित कार्य व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समय पर निराकरण नहीं किया गया, तो 12 नवंबर को एकदिवसीय सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में छात्रावास अधीक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। अब देखना होगा कि शासन और संबंधित विभाग संघ की मांगों पर कब तक निर्णय लेते हैं।

About newscg9

newscg9

Check Also

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रोत्साहन से अत्मिनिर्भर बन रहे दिव्यांग, देश व प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका अहम : भावना बोहरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन पर भावना बोहरा ने 72 दिव्यांगों को किए उपकरण …