Breaking News

कबीरधाम में डायल 112 से सुलझेंगी अब किसानों की भी समस्याएं

कलेक्टर शर्मा ने किसानों की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए डायल 112 की सेवा किसानों से जोड़ने के दिए निर्देश

किसान धान बेचने सहित अन्य किसी भी प्रकार की समस्याओं के लिए कर सकेंगे कॉल

कवर्धा ।  09 दिसंबर 2020। कबीरधाम जिले में डायल 112 से अब किसानों की धान बेचने सहित अन्य किसी भी प्रकार की समस्याओं का त्वरित निदान हो सकेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विगत दिनों किसानों के हित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए किसानों की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए डायल 112 की सेवा किसानों से जोड़ने के निर्देश दिए है। इस धान खरीदी सीजन तक किसानों को यह सेवा मुहैया होगी। डायल 112 की सेवाएं अभी आपात स्थिति में लोगों को मुहैया हो रही है। मुख्यमंत्री ने डायल 112 में किसानों से प्राप्त होने वाली समस्याओं को त्वरित निदान करने के निर्देश कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को दिए है।

कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि जिले के किसानों के पंजीयन रकबे की एंट्री, रकबे की कमी, गिरदावरी में किसी प्रकार की त्रुटि, धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या और किसानों को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता की आवश्यकता होने पर अब वह डायल 112 में कॉल करके जानकारी दे सकते हैं। डायल 112 के माध्यम से उनकी समस्याओं का त्वरित निदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। डायल 112 में किसानों से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों और उन पर की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा हर सप्ताह मुख्य सचिव द्वारा की जाएगी।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हितों के संरक्षण, उनकी समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए लगातार कई अहम कदम उठाए गए है। किसानों के सशक्तिकरण और खेती-किसानी का उन्नयन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। प्रदेश में किसानों की कर्जमाफी, किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना और सुराजी गांव जैसी अभिनव योजनाओं से इस संकटकाल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संजीवनी मिली है।



 

About newscg9

newscg9

Check Also

कलेक्टर महोबे ने एकलव्य आर्दश आवासीय विद्यालय के बच्चों से चर्चा करते हुए विद्यालय में बच्चों के उपलब्ध सुविधाओं और समस्याओं के बारे में जानकारी ली एवं निरीक्षण किये

कलेक्टर ने कक्षाओं, छात्रावास कक्ष, शिक्षकों के संयुक्त बैठक व्यवस्था और लाईब्रेरी का भी अवलोकन …